• दांत निकालने के बहाने डा० ने महिला को दिया नशीला इंजेक्शन

उत्तर प्रदेश: यूपी के बरेली में सैदपुर हॉकिंस इज्जतनगर में एक डॉक्टर ने अपने ही डेंटल क्लीनिक में महिला को नशीला इंजेक्शन देकर रेप किया। उसका वीडियो बनाया। शिकायत करने पर वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी।

इज्जतनगर थाने में डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार सैदपुर हॉकिंस के रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर की पत्नी के दांत में दर्द हो रहा था। जिस पर वह 16 अक्टूबर को प्रकाश डेंटल लैब पर डॉ रवेंद्र को दिखाने गई। डॉक्टर ने कहा कि दांत उखाड़ कर दूसरा दांत लगा देंगे। शाम को चार बजे डॉक्टर रवेंद्र ने महिला को अपने क्लीनिक पर बुलाया। महिला जब क्लीनिक पर गई, उस वक्त वहां कोई नहीं था। डाक्टर ने गेट बंद कर पर्दा डाल दिया। इसके बाद महिला को नशीला इंजेक्शन देकर उसे बेहोश कर दिया। उसका दांत उखाड़ा। इसके बाद महिला के साथ दुष्कर्म किया। उसकी वीडियो बना ली।

महिला को जब होश आया तो उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे। महिला ने इसकी शिकायत डाक्टर से की। जिस पर डाक्टर ने उसे धमकी दी कि वीडियो वायरल कर देंगे। इसकी वजह से महिला घबरा गई। वह अपने घर में गुमसुम और परेशान सी रहने लगी। तीन नवंबर को प्रॉपर्टी डीलर पति के ज्यादा पूछने पर महिला ने डॉक्टर की करतूत के बारे में बताया। कहा कि डॉक्टर ने उसके साथ गलत काम कर उसका वीडियो वायरल करने की धमकी दी है।

जिसके बाद मामले की तहरीर इज्जतनगर थाना पुलिस को दी गई। इंस्पेक्टर इज्जतनगर ने बताया कि महिला की तहरीर पर डॉ रवेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया। प्राथमिक जांच पड़ताल में महिला के साथ रेप की पुष्टि हुई है। डॉक्टर को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।