- लघुनाटिका, क्विज प्रतियोगिता, देशभक्ति गीत एवं तिरंगा रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने दिया राष्ट्र प्रेम का संदेश
कमांद, टिहरी गढ़वाल: राजकीय महाविद्यालय कमांद, टिहरी गढ़वाल में प्राचार्या प्रोफेसर गौरीसेवक के मार्गदर्शन में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में “हर घर तिरंगा अभियान–2026” के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक, रचनात्मक एवं जागरूकता कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ स्थानीय जनसमुदाय को भी अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रमों की श्रृंखला में 12 अगस्त 2026 को “स्वतंत्रता संग्राम एवं वंदे मातरम् विषयक जागरूकता कार्यक्रम” आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी डॉ. शेफाली शुक्ला एवं रेंजर प्रभारी डॉ. प्रवीन के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं को “वंदे मातरम्” तथा देशभक्ति के महत्व से संबंधित लघु नाटिका की तैयारी एवं प्रस्तुति हेतु अभ्यास कराया गया। विद्यार्थियों द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान तथा “वंदे मातरम्” के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर आधारित “जलती अलख” नामक लघु नाटिका की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई।
नाटिका के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा “वंदे मातरम्” का सामूहिक गान किया गया। साथ ही छात्राओं द्वारा देशभक्ति पर आधारित गीत पर सामूहिक रूप से सुंदर एवं मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई, जिससे संपूर्ण वातावरण राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया।
इसी श्रृंखला में 13 अगस्त 2026 को “हर घर तिरंगा अभियान” के अंतर्गत भारतीय तिरंगे के इतिहास एवं महत्व पर आधारित ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन रेंजर प्रभारी डॉ. प्रवीन द्वारा छात्र-छात्राओं के मध्य किया गया। क्विज प्रतियोगिता में भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, उसके विकास, स्वरूप, महत्व एवं राष्ट्रीय गौरव से संबंधित विभिन्न पक्षों को प्रश्नों के माध्यम से सम्मिलित किया गया।
इसके माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय तिरंगे की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि एवं उसके राष्ट्रीय महत्व से परिचित कराया गया तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को सुदृढ़ करने का प्रयास किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इसके साथ ही देशभक्ति पर आधारित गीत गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ महाविद्यालय के प्राध्यापकों, शिक्षणेतर कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक रूप से “वंदे मातरम्” के गायन के साथ किया गया। सामूहिक गायन से महाविद्यालय परिसर का वातावरण राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना से गुंजायमान हो उठा।
इसके पश्चात छात्राओं द्वारा देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत सुमधुर गीतों की सामूहिक एवं मनोहारी प्रस्तुतियाँ दी गईं। छात्राओं की इन प्रस्तुतियों ने संपूर्ण वातावरण को देशभक्ति के भाव से भर दिया। इसी क्रम में सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रवीन द्वारा देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत स्वरचित कविता की भावपूर्ण प्रस्तुति भी दी गई।
कार्यक्रमों की इसी कड़ी में “हर घर तिरंगा अभियान” के अंतर्गत तिरंगा रैली का शुभारंभ किया गया। रैली में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, शिक्षणेतर कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर कमांद बाजार तक निकाली गई। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के सम्मान से संबंधित विभिन्न नारों का उद्घोष किया गया। नारों एवं संदेशों के माध्यम से स्थानीय जनसमुदाय को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों में भारतीय राष्ट्रीय ध्वज लगाने एवं फहराने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही, स्थानीय लोगों को भारतीय तिरंगे के इतिहास, महत्व, गौरव एवं सम्मान से परिचित कराते हुए “हर घर तिरंगा” अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए आह्वान किया गया।
राजकीय महाविद्यालय कमांद में “हर घर तिरंगा अभियान–2026” के अंतर्गत आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक एवं जागरूकता गतिविधियों में छात्र-छात्राओं द्वारा निरंतर उत्साहपूर्वक एवं सक्रिय सहभागिता की जा रही है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध की भावना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ तिरंगे के प्रति सम्मान एवं गौरव का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का सार्थक प्रयास किया जा रहा है।


More Stories
कोटा- हरियालो राजस्थान अभियान के अंतर्गत पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
देशभक्ति के रंग में रंगा नगर पंचायत गजा व पोखरी बाजार, निकाली गई तिरंगा यात्रा
विश्व अंगदान दिवस पर लोगों को अंगदान के प्रति जागरूक करने की अपील, भ्रांतियां दूर कर जीवनदान का संकल्प लेने का संदेश