एनटीन्यूज़: देश ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन की अनोखे अंदाज में बधाई दी। इस दौरान देश में टीकाकरण का नया रिकॉर्ड बन गया। शुक्रवार को सिर्फ 17 घंटे में ही ढाई करोड़ से ज्यादा लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगा दी गई। रात एक बजे तक 2,51,21,261 लोगों को कोरोना की वैक्सीन दी गई, यानी हर घंटे 14.77 लाख लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई। देश में 1,09,686 टीकाकरण केंद्र बनाए गए थे। प्रधानमंत्री के जन्मदिन को देखते हुए भाजपा भी ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीकाकरण केंद्रों तक पहुंचाने का अभियान चलाया।

को-विन पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब तक दी गई कुल खुराक रात 10 बजे 79.25 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई।  भारत से पहले चीन के नाम एक दिन में सबसे ज्यादा कोविड वैक्सीनेशन (China) का रिकॉर्ड का दावा था। उसने एक दिन में 2.474 करोड़ टीके लगाए थे. यह रिकॉर्ड 24 जून 2021 को बनाया गया था।

लेकिन 17 सितंबर को भारत ने नया कीर्तिमान कायम करते हुए रिकॉर्ड ढाई करोड़ से भी ज्यादा टीके लगाए हैं। भारत ने एक दिन में ऑस्ट्रेलिया की आबादी के बराबर टीके लगा दिए। ऑस्ट्रेलिया की जनसंख्या 2.56 करोड़ के करीब है और लगभग इतनी कोविड वैक्सीन भारत में 17 सितंबर 2021 को लगाई गई।  यह 123 देशों की आबादी से भी ज्यादा है।इससे पहले 31 अगस्त को 1.35 करोड़ टीके 31 अगस्त को लगे थे। जबकि 6 सितंबर को 1.14 करोड़ वैक्सीन डोज लगाई गई थीं।

प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ‘हर भारतीय आज रिकार्ड संख्या में किये गये टीकाकरण को लेकर गौरवान्वित होग। मैं टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए हमारे चिकित्सकों, नवोन्मेषकों , प्रशासकों, नर्सों, स्वास्थ्य सेवा और अग्रिम मोर्चे के सभी कर्मियों की सराहना करता हूं. कोविड-19 को हराने के लिए टीकाकरण को बढ़ावा देते रहें।

कर्नाटक ने देश में सर्वाधिक 26.9 लाख खुराक दी, जबकि बिहार में 26.6 लाख से अधिक खुराक दी गई। वहीं, उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)  में 24.8 लाख से अधिक खुराक, मध्य प्रदेश में 23.7 लाख से अधिक खुराक और गुजरात में 20.4 लाख से अधिक खुराक दी गई।