हरिद्वार: पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कदम्ब एवं जामुन का पौधा लगाकर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
कार्यक्रम में भगत सिंह कोश्यारी को भारत सरकार द्वारा पदम भूषण देने पर उनका नागरिक अभिनंदन भी किया गया। आर्य समाज भेल हरिद्वार, ट्री ट्रस्ट ऑफ इंडिया, वरिष्ठ नागरिक महासभा एवं स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के द्वारा भगत सिंह कोश्यारी का संयुक्त रूप से सम्मान किया गया।
इस अवसर पर भगत सिंह कोश्यारी को शॉल, स्मृति चिन्ह, अंग वस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया गया।
सर्व प्रथम स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के राष्ट्रीय महासचिव ने स्वागत उद्बोधन में पर्यावरण दिवस की उपादेयता पर प्रकाश डालते हुए आर्य समाज द्वारा यज्ञ के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को उपयोगी बताया और महर्षि दयानन्द तथा स्वामी श्रद्धानन्द जैसे क्रान्तिकारियों की टकसाल को नमन किया और नई पीढ़ी इन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त कर सके इसके लिए शहीद जगदीश वत्स पार्क जटवाड़ा पुल ज्वालापुर में हर महीने प्रथम रविवार को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित भी किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि उन्हें दिया गया पद्म भूषण का सम्मान उनका सम्मान नहीं बल्कि उत्तराखंड की समस्त जनता का सम्मान है। इसके लिए वह भारत सरकार का आभार व्यक्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि 2047 में भारत के आजादी के 100 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को विकसित भारत के रूप में देखना चाहते हैं। हम सबकी खासतौर से युवा पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि वह भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में तन, मन, धन से काम करें।
उन्होंने कहा कि आज वृक्षारोपण करना बेहद जरूरी है। उससे पर्यावरण सुरक्षित रहेगा। उन्होंने युवाओं से स्वामी दयानंद सरस्वती, स्वामी श्रद्धानंद और स्वामी विवेकानंद से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि हम केवल पौधे लगाए नहीं बल्कि उनका पालन करें ताकि वे बड़े होकर हमें छाया और ऑक्सीजन दें, उन्होंने बताया कि भारतीय संस्कृति में वेदों में वनस्पति यानी पेड़ पौधों को बचाने के लिए प्रार्थना की गई है, ताकि पर्यावरण सुरक्षित रह सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आर्य समाज भेल के प्रधान बलवीर तलवार ने की। विशिष्ठ अतिथि के रूप में रानीपुर के विधायक आदेश चौहान ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन को स्वच्छ हवा देते हैं। उन्होंने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी उत्तराखंड के सबसे ईमानदार और लोकप्रिय जनप्रिय राजनेता हैं और उनका सम्मान किया जाना पूरे उत्तराखंड का सम्मान करने के समान है।
अध्यक्षीय संबोधन में बलवीर तलवार ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस को विश्व यज्ञ दिवस के रूप में ही मनाया जाना चाहिए क्योंकि यज्ञ से ही पर्यावरण की स्वच्छता और शुद्धता होती है।
इस अवसर पर ग्रीन मैन विजय पाल बघेल, समाजसेवी जगदीश लाल पाहवा, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रमोद शर्मा, भाजपा के जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, नगर निगम हरिद्वार की मेयर किरण जैसल, दर्जाधारी मंत्री श्यामवीर सैनी, स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी, सुरेश सुयाल, अवनीश ओहरी, सिडकुल मैन्युफैक्चरर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष महेंद्र आहूजा, आर्य समाज भेल के महामंत्री मदन सिंह, वरिष्ठ प्रधान कृष्ण कुमार चंदवानी, ओपी बत्रा, योगेंद्र मेधावी,ज्योति आर्य, डॉ सुधा तलवार एवं कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन सुरेश सुयाल ने किया।


More Stories
हरिद्वार: धनौरी पी.जी. कॉलेज में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन
धर्मानंद उनियाल महाविद्यालय नरेंद्रनगर में मनाया विश्व पर्यावरण दिवस, हुआ वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान
जोशीमठ विकासखंड के विभिन्न गांवों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन