हरिद्वार: पुलिस ने खन्नानगर गोलीकांड मामले में एक इनामी समेत 3 आरोपियों को हरिद्वार और चंडीगढ़ से दबोचा है। इसमें से एक आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम था।

बता दें कि खन्नानगर इलाके में भाजपा के दो गुटों में विवाद हो गया था। विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के लोगों की न केवल सरेराह पिटाई की थी, बल्कि अगले दिन दूसरे पक्ष के घर पर फायरिंग भी की थी।

इस गोलीकांड मामले में कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने पीडि़त की तहरीर पर 15 आरोपियों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

इस गोलीकांड के मुख्य पांच आरोपियों की गिरफ्तारी पर हरिद्वार एसएसपी ने 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। इसी कड़ी में शुक्रवार को कोतवाली प्रभारी आरके सकलानी को सूचना मिली कि 10 हजार का इनामी तुषार उर्फ नोनी पेवल हरिद्वार से फरार होने की फिराक में है। जिसके बाद बताए गए स्थान पर छापेमारी करते हुए कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने रानीपुर झाल के पास से नोनी पेवल को धर दबोचा।

वहीं, एसओजी की टीम को गुरुवार रात सूचना मिली थी कि नामजद आरोपी वासु शर्मा और शुभम वशिष्ठ पुलिस से बचने के लिए चंडीगढ़ में एक सुरक्षित स्थान पर छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर एसओजी प्रभारी नरेंद्र सिंह बिष्ट ने टीम के साथ चंडीगढ़ में भी छापेमारी की।

इस दौरान दोनों आरोपियों को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली ज्वालापुर इंचार्ज आरके सकलानी ने बताया कि खन्नानगर गोलीकांड में अब तक 8 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जिनमें से दो इनामी हैं। फरार चल रहे 7 लोगों को भी पुलिस जल्द गिरफ्तार कर लेगी।