हरिद्वार, 1 अगस्त: हरिद्वार के विष्णु घाट पर शनिवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब गंगा स्नान के दौरान पैर फिसलने से 15 वर्षीय शिवभक्त तेज बहाव में बहने लगा। कांवड़ मेला बचाव सुरक्षा ड्यूटी में तैनात 40वीं वाहिनी पीएसी के आपदा राहत दल ने तत्परता दिखाते हुए किशोर का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसकी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, भाविश (15 वर्ष), पुत्र श्री ललित, निवासी राजपुरा, थाना सिटी, पटियाला (पंजाब), विष्णु घाट पर स्नान कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गंगा की तेज धारा में बहने लगा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर तैनात 40वीं वाहिनी पीएसी के आपदा राहत दल ने बिना समय गंवाए तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया और कुछ ही देर में शिवभक्त को सकुशल गंगा से बाहर निकाल लिया।
किशोर के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने उत्तराखंड पुलिस एवं 40वीं वाहिनी पीएसी आपदा राहत दल की त्वरित कार्रवाई, साहस और सेवा भावना की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की कि गंगा में स्नान करते समय पूरी सावधानी बरतें, केवल निर्धारित घाटों पर ही स्नान करें तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। पुलिस ने कहा कि “आपकी सावधानी ही आपकी सुरक्षा है।”


More Stories
कैंटीन संचालक की हत्या मामले में पुलिस ने किया खुलासा, दो और आरोपितों को किया गिरफ्तार
हरिद्वार में हुआ मुल्तान जोत महोत्सव का आयोजन, मां गंगा के साथ खेली दूध की होली
श्री शिव महापुराण कथा के नौवें दिन प्रथम ज्योतिर्लिंग ‘श्री सोमनाथ जी’ की दिव्य कथा का हुआ भावपूर्ण वर्णन