September 8, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

हरिद्वार: बाल मंदिर सी.से. स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस

संजीव शर्मा, हरिद्वार:  बाल मंदिर सी.से. स्कूल, भेल में शिक्षक दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान शिक्षकों के योगदान और समाज निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के अनुशासन प्रभारी ब्रिजेश कुमार शर्मा ने कहा कि शिक्षक दिवस शिक्षा जगत के लिए एक अनूठा पर्व है। शिक्षक पूरे वर्ष लगन, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं और शिक्षक दिवस के अवसर पर अपने कार्य एवं भूमिका को लेकर गौरवान्वित महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक होने के कारण समाज में एक अलग पहचान और सम्मान प्राप्त होता है।

उन्होंने कहा कि भारत में शिक्षकों को सम्मान की यह विशेष परंपरा पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के योगदान से और अधिक सुदृढ़ हुई। इस अवसर पर सभी ने डॉ. राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन संध्या शर्मा ने किया। संध्या शर्मा ने कहा कि शिक्षक समाज के वास्तविक मार्गदर्शक होते हैं। वे केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व का निर्माण कर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा भी प्रदान करते हैं।

विद्यालय के वरिष्ठ लेखाकार सुनील सैनी ने कहा कि समाज को सही दिशा देने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सफलता के लिए निर्माणात्मक सोच, समर्पण और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों को जीवन में अपनाकर विद्यार्थी और समाज दोनों को सफलता की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है।

इस अवसर पर सुनील सैनी, राम अवध, सीता, राजकुमार, ब्रिजेश शर्मा, निखत प्रवीन, अरशद अली, वेद राम, मुकेश कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की ओर से सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

About The Author