July 17, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

हरेला पर्व पर राजकीय महाविद्यालय पोखड़ा में हुआ वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण की दिलाई शपथ

पोखडा, पौड़ी गढ़वाल: हरेला पर्व के अवसर पर राजकीय महाविद्यालय पोखड़ा, जनपद पौड़ी गढ़वाल में कल 16 जुलाई को रेडक्रास युवा समिति के तत्वावधान में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर हरित वातावरण के निर्माण का संदेश देना था।

महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. विद्या राय के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया।

इस अवसर पर रेडक्रास युवा समिति के संयोजक डॉ. देवानन्द दुर्ग ने कहा कि हरेला पर्व केवल एक पारंपरिक उत्सव नहीं, बल्कि प्रकृति के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का महत्वपूर्ण संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने सभी से पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा हरियाली बढ़ाने की शपथ ली। प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाएंगे तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को भी जागरूक करेंगे।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. राज ममता, डॉ. ऋषि कान्त प्रजापति, आशा आर्य एवं डॉ. राजेन्द्र सिंह बिष्ट सहित कर्मचारी श्री पंकज सिंह विष्ट, श्री मान सिंह, श्री किशन सिंह, श्रीमती कुसुम देवी, श्रीमती हेमलता देवी तथा राहुल कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और पौधारोपण अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया।

About The Author