June 10, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

यात्री सीजन में ट्रैफिक जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्य योजना बनाए प्रशासन : चंद्रमोहन कौशिक

संजीव शर्मा,हरिद्वार:  राष्ट्रीय सावक मंच के संयोजक एवं भारतीय हिंदूवाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रमोहन कौशिक ने प्रेस को जारी बयान में कहा है कि तीर्थनगरी हरिद्वार में ग्रीष्मकालीन यात्री सीजन, प्रमुख मेला पर्वों एवं वीकेंड के दौरान लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन को ठोस एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा अपने चरम पर है और हरिद्वार में भी यात्री सीजन तेजी से बढ़ रहा है। प्रतिदिन तीर्थयात्रियों की संख्या में वृद्धि हो रही है, जिसके चलते हाईवे, हरकी पैड़ी, अपर रोड, रेलवे रोड, ललतारो पुल और भीमगोड़ा क्षेत्र में भारी जाम की स्थिति बन रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हजारों की संख्या में संचालित बैटरी रिक्शा और थ्री-व्हीलर यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं, जिससे स्थानीय निवासियों और तीर्थयात्रियों को भीषण गर्मी में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कौशिक ने कहा कि प्रशासन यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के भले ही दावे करे, लेकिन वीकेंड और मेला पर्वों पर लगने वाले जाम उन दावों की वास्तविकता उजागर कर देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा सीजन शुरू होने के बावजूद कई सड़कों की मरम्मत का कार्य अभी तक पूरा नहीं हो पाया है।

उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में स्कूलों की ग्रीष्मकालीन छुट्टियां शुरू होने वाली हैं तथा सोमवती अमावस्या और निर्जला एकादशी जैसे बड़े स्नान पर्व भी आने वाले हैं। इन अवसरों पर अपर रोड, हरकी पैड़ी, मनसा देवी पैदल मार्ग और भीमगोड़ा क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में इन क्षेत्रों में अनियंत्रित रूप से संचालित बैटरी रिक्शाओं के कारण लगने वाला जाम किसी भी समय भगदड़ जैसी स्थिति पैदा कर सकता है, जो बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।

उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि बैटरी रिक्शाओं के संचालन के लिए सख्ती के साथ रूट निर्धारित किए जाएं तथा वीकेंड और मेला पर्वों के दौरान विशेष यातायात योजना लागू कर जाम की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों और तीर्थयात्रियों को राहत मिल सके।

About The Author