हरिद्वार: खानपुर से पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन के खिलाफ लक्सर कोतवाली में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (एससी-एसटी) अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बाद उनकी गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई है।
इसी बीच चैंपियन ने एक वीडियो जारी कर अनुसूचित समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है।
मामला 22 जून का बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार सड़क पर वाहन ओवरटेक करने को लेकर हुए विवाद के बाद फोन पर बातचीत के दौरान पूर्व विधायक ने कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस घटना का एक ऑडियो और वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
हालांकि, प्रणव सिंह चैंपियन ने पहले वायरल वीडियो को फर्जी बताते हुए आरोपों से इनकार किया था। उनका कहना था कि उनकी सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश की गई थी और उनकी गाड़ी को टक्कर मारी गई थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके गनर की शिकायत पर दूसरे पक्ष के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
विवाद बढ़ने और दलित संगठनों द्वारा गिरफ्तारी की मांग के बीच चैंपियन ने वीडियो जारी कर कहा कि उन्होंने हमेशा अनुसूचित समाज का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि यदि उनकी किसी बात से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए क्षमा चाहते हैं और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं होगी।
उधर, भीम आर्मी सहित कई दलित संगठनों ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपे हैं। उनका आरोप है कि पूर्व विधायक अक्सर अभद्र भाषा और धमकी का इस्तेमाल करते हैं, इसलिए उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
एसपी देहात हरिद्वार शेखर सुयाल ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच लक्सर के क्षेत्राधिकारी (सीओ) को सौंपी गई है। जांच के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।


More Stories
30 जुलाई से 11अगस्त तक चलेगा कांवड़ मेला, 25 जुलाई तक पूरी हों सभी तैयारियां, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
हरिद्वार: पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन ने गोल्डन कार्ड योजना की विसंगतियों पर उठाई आवाज, सामूहिक ऑप्ट आउट की दी चेतावनी
हरिद्वार: सिडकुल की फैक्टरी में करंट लगने से कर्मचारी की मौत