कोटा, राजस्थान: राजकीय कला कन्या महाविद्यालय, कोटा की छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति गहरी चेतना जागृत करने, उन्हें शारीरिक रूप से सशक्त बनाने और बीमारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से, इनर व्हील क्लब, कोटा के सहयोग से एनसीसी आर्मी विंग द्वारा एक विशेष ‘स्वास्थ्य जागरूकता एवं हीमोग्लोबिन जांच शिविर’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा चौहान ने की, जिन्होंने छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए उत्तम स्वास्थ्य को सबसे अनिवार्य कड़ी बताया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इनर व्हील क्लब, कोटा की अध्यक्ष डॉ. नीता जैन ने शिरकत की और अपने उद्बोधन में इनर व्हील की सामाजिक प्रतिबद्धता को रखांकित करते हुए छात्राओं को शिक्षा, अभिव्यक्ति और खुद के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की प्रेरणा दी। उन्होंने छात्राओं के स्वास्थ्य संवर्धन की दिशा में ऐसे आयोजनों को समय की मांग बताया और क्लब की ओर से निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण डॉ. निधि बर्थुनिया का विस्तृत और संवादपूर्ण व्याख्यान रहा। मुख्य वक्ता के रूप में उन्होंने छात्राओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता, महिला फिटनेस, सही पोषण और दैनिक जीवनशैली से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने छात्राओं को समझाया कि कैसे छोटी-छोटी स्वस्थ आदतें अपनाकर बीमारियों से बचा जा सकता है और जागरूक रह कर कई गंभी बिमारियों से बचा जा सकता है। छात्राओं ने भी स्त्री-स्वास्थ्य सम्बन्धी बहुत से पक्षों, जिन पर अक्सर खुल कर बात नहीं हो पाती है, प्रश्न पूछकर विशेषज्ञ-ज्ञान का लाभ उठाया। स्वास्थ्य के प्रति इसी गंभीरता को धरातल पर उतारते हुए, शिविर में छात्राओं का हीमोग्लोबिन (Hb) टेस्ट भी किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य छात्राओं में एनीमिया (खून की कमी) जैसी आम समस्या की समय रहते पहचान करना और उन्हें सही खान-पान के प्रति जागरूक करना था।
स्वास्थ्य जागरूकता के इस गहन सत्र के पश्चात्, आगामी स्वतंत्रता दिवस के उल्लास को साझा करते हुए एक भव्य ‘तिरंगा रैली’ का आयोजन किया गया। “स्वस्थ युवा ही एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं” के उत्कृष्ट संदेश के साथ, एनसीसी (NCC) आर्मी विंग की 90 कैडेट्स ने पूरे जोश, अनुशासन और देशभक्ति के नारों के साथ इस रैली में सहभागिता की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ संकाय सदस्य गण उपस्थित रहे और उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। इस पूरे ज्ञानवर्धक एवं देशभक्ति से परिपूर्ण आयोजन का सफल और सुचारू संचालन एनसीसी प्रभारी डॉ. पारुल सिंह द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के अंत में इनर व्हील क्लब कोटा की तरफ से क्लब सदस्य श्रीमती प्रीति गौतम ने एवं महाविद्यालय की तरफ से वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ त्रिभू नाथ दुबे ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार ज्ञापन किया।


More Stories
हरिद्वार: धनौरी पी.जी.कॉलेज में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत परिसर की दीवारों पर हुआ देशभक्ति-आधारित सज्जीकरण
राजकीय महाविद्यालय पोखड़ा में एक दिवसीय ओरियन्टेशन कार्यक्रम का हुआ आयोजन
राजकीय महाविद्यालय, नानकमत्ता में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए अभिविन्यास एवं परिचयात्मक कार्यक्रम आयोजित