August 12, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

पैठाणी- राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी के छात्र-छात्राओं ने किया एक्सपोजर विजिट

पैठाणी, पौड़ी गढ़वाल:  उच्च शिक्षा विभाग एवं भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDII), अहमदाबाद के सहयोग से संचालित देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत सेंटर फॉर एक्सीलेंस के रूप में विकसित राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास, पैठाणी, पौड़ी गढ़वाल के छात्र-छात्राओं के लिए 12 अगस्त 2026 को प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में एवं प्रभारी प्राचार्य डॉ. कुमार गौरव जैन की गरिमामय उपस्थिति में एक दिवसीय एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया।

महाविद्यालय में बीसीए विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर एवं देव भूमि उद्यमिता योजना के नोडल अधिकारी डॉ. पुनीत चंद्र वर्मा ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में स्वरोजगार एवं उद्यमिता के प्रति रुचि पैदा करना तथा औद्योगिक इकाइयों की आंतरिक कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर प्रदान करना था।

इस अवसर पर महाविद्यालय के चयनित 20 छात्र-छात्राओं के दल को जिला मुख्यालय पौड़ी स्थित विभिन्न सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम औद्योगिक इकाइयों (MSME Units) का भ्रमण कराया गया।

महाविद्यालय में वनस्पति विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर एवं देव भूमि उद्यमिता के फैकल्टी मेंटर डॉ. प्रकाश फोंदणी ने कहा कि एक्सपोजर विजिट के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न औद्योगिक इकाइयों की कार्यप्रणाली, उत्पादन प्रक्रिया, प्रबंधन, विपणन एवं उद्यम संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

साथ ही उद्यमियों से संवाद कर स्वरोजगार के अवसरों, उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया तथा उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं के बारे में जानकारी हासिल की।

महाविद्यालय में मैनेजमेंट विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दिनेश रावत ने बताया कि एक्सपोजर विजिट का उद्देश्य विद्यार्थियों को वास्तविक औद्योगिक वातावरण से परिचित कराना और उन्हें भविष्य में स्वरोजगार एवं उद्यमिता के लिए प्रेरित करना है।

गौरस उत्पादक संघ एफपीओ- हिम्मोथान संस्था के मैनेजर श्री विजय बिष्ट जी ने कहा कि कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में उद्यमशीलता, नवाचार एवं रोजगार सृजन की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने बेकरी से तैयार किए जाने वाले परम्परिक पोषणयुक्त उत्पादों, बेडु फल का बायोप्रोस्पेक्टिंग यूनिट, मशरूम यूनिट, मल्टीग्रेन यूनिट, दीदी कैफे आदि का सफलतापूर्वक भ्रमण कराया। एक्सपोजर विजिट में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताते हुए औद्योगिक इकाइयों की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अनुभव साझा किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर डॉ. पुनीत चंद्र वर्मा ने सभी संबंधित उद्यमियों, अधिकारियों, प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।

About The Author