August 15, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

स्वतंत्रता सेनानी परिवारों का सम्मान, डीएम मयूर दीक्षित ने कहा—इनके वंशजों की सेवा करना गौरव की बात

  • जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के प्रति व्यक्त भावनाओं के हम आभारी हैं- जितेन्द्र रघुवंशी

संजीव शर्मा, हरिद्वार, 15 अगस्त: स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ हरिद्वार में हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाई गई। जिला मुख्यालय रोशनाबाद स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण से पूर्व राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।

इस अवसर पर हरिद्वार प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भारत भूषण विद्यालंकार, स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी, भोपतवाला के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह राणा, ज्वालापुर के वीरेन्द्र कुमार गहलौत तथा बहादराबाद के अशोक गहलोत को अंगवस्त्र भेंट कर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया।

स्वतंत्रता सेनानी परिवारों का सम्मान सौभाग्य की बात : डीएम
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि इन परिवारों का कोई भी कार्य करने का अवसर मिले तो स्वयं को सौभाग्यशाली समझें।

उन्होंने कहा कि जिन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संघर्ष और बलिदान के कारण आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं, उनके वंशजों का सम्मान करना उन महान सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
सेनानी परिवारों के हितों की रक्षा के लिए जताया आभार
स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के हितों की रक्षा के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा किए जा रहे प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।

रघुवंशी ने बताया कि हरिद्वार में स्थापित स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति का संगठन पिछले तीन वर्षों से देश के 23 राज्यों में प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को ‘दस बजे दस मिनट स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के नाम’ अभियान चला रहा है। उन्होंने इसे देवभूमि हरिद्वार के लिए गौरव की बात बताते हुए सभी लोगों से प्रत्येक माह प्रथम रविवार को शहीद जगदीश वत्स पार्क, पुल जटवाड़ा, हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया।
शहीद जगदीश वत्स पार्क में भी हुआ कार्यक्रम
शहीद जगदीश वत्स पार्क, पुल जटवाड़ा, ज्वालापुर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भारत भूषण विद्यालंकार ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद शहीद जगदीश वत्स की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
तहसील परिसर में भी सेनानी परिवार सम्मानित
तहसील हरिद्वार परिसर में उप जिलाधिकारी योगेश सिंह मेहरा ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार सचिन कुमार ने उपस्थित स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के सदस्यों का माल्यार्पण कर सम्मान किया।
इस अवसर पर डॉ. वेद प्रकाश आर्य और आचार्य करुणेश मिश्र ने स्वतंत्रता सेनानी परिवारों तथा राजस्व कर्मचारियों को संबोधित किया। उप जिलाधिकारी योगेश सिंह मेहरा ने कर्मचारियों से कहा कि स्वतंत्रता सेनानी परिवारों से संबंधित कार्यों में अनावश्यक विलंब न किया जाए और उनके कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कर गौरव की अनुभूति की जाए।

कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भारत भूषण विद्यालंकार, जितेन्द्र रघुवंशी, अर्जुन सिंह राणा, वीरेन्द्र कुमार गहलौत, डॉ. वेद प्रकाश आर्य, कैलाश चंद्र वैष्णव, नरेंद्र कुमार वर्मा, आदित्य गहलोत, अनुराग सिंह गौतम, अशोक कुमार चौहान, सुभाष चौहान, अरविंद चौहान, आचार्य करुणेश मिश्र, नगर निगम पार्षद हरविंदर सिंह, दिनकर आर्य, रमेश, विशाल टेलर, विवेक शर्मा, यशपाल ठाकुर, शिवेन्द्र गहलोत, ऋषभ गहलोत, यशवंत चौहान, प्रमेश चौधरी, रविन्द्र कुमार धीमान, चन्द्र प्रकाश मगन, रमेश चन्द्र गुप्ता, अजय कुमार, पद्मा देवी आर्य, मधुबाला, ममता धीमान, सरला चौहान, शीला चौहान, मंजुलता भारती, शोभा गोयल, शिवानी सैनी, मधु उपाध्याय तथा वरिष्ठ पत्रकार शशि शर्मा सहित अनेक स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author