अभिनव कौशिक,एनटीन्यूज़, हरिद्वार: लक्सर के खानपुर थाना पुलिस ने अपने ही जीजा की हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम मोनू है जो यूपी के गाजियाबाद जिले के मुरादनगर का रहने वाला है। मोनू पर अपने ही जीजा की हत्या का आरोप है।
पुलिस इस मामले में आरोपी की बहन और उसके बेटे को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
मामला खानपुर थाना क्षेत्र के तुगलपुर गांव का है जहां बीती 12 जुलाई की रात को जय भगवान गिरी और उसकी पत्नी अर्चना गिरी के बीच विवाद हो गया था। पति-पत्नी के बीच विवाद इतना गहरा गया कि अर्चना ने गमछे से जयभगवान का गला दबा दिया। गमछे से दम घुटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसी रात अर्चना ने अपने भाई मोनू और अपने बेटे की मदद से पति के शव को ले जाकर बाणगंगा नदी में फेंक दिया था।
पुलिस ने इस हत्याकांड में मुकदमा दर्ज कर उसी दौरान मामले का खुलासा कर दिया। जिसके बाद जयभगवान गिरी की पत्नी और बेटे को जेल भेज दिया गया।
लक्सर सीओ विवेक कुमार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मोनू अपने भांजे को लेने के लिए तुगलपुर गांव आ रहा है। बीती रात पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी मोनू को डीएस रोलिंग फैक्टरी के पास से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी मोनू ने स्वीकार किया है कि अपने जीजा की हत्या में बहन का साथ दिया। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।


More Stories
महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय नानकमत्ता में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
गजा व निकटवर्ती क्षेत्रों में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, छात्र छात्राओं ने निकाली प्रभात फेरी
स्वतंत्रता सेनानी परिवारों का सम्मान, डीएम मयूर दीक्षित ने कहा—इनके वंशजों की सेवा करना गौरव की बात