कमांद, टिहरी गढ़वाल, 14 सितंबर 2026। हिंदी दिवस के अवसर पर राजकीय महाविद्यालय कमांद, टिहरी गढ़वाल में विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
प्राचार्या प्रोफेसर गौरी सेवक के कुशल मार्गदर्शन में हिंदी के महत्व पर निबंध प्रतियोगिता तथा कंप्यूटर हिंदी टाइपिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर आयोजित व्याख्यात्मक सत्र में प्राचार्या प्रोफेसर गौरी सेवक ने हिंदी के संवैधानिक स्वरूप एवं राजभाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे हिंदी भाषा के प्रति सम्मान, आत्मीयता और गौरव की भावना को विकसित करें तथा हिंदी के समृद्ध साहित्य एवं भाषा-परंपरा से जुड़कर अपनी भाषाई विरासत पर गर्व करें।
महाविद्यालय की चीफ प्रॉक्टर डॉ. शेफाली शुक्ला ने हिंदी को अत्यंत समृद्ध एवं व्यापक शब्द-संपदा वाली भाषा बताते हुए कहा कि हिंदी में हर्ष और उल्लास से लेकर वीरता एवं राष्ट्रभावना तक मानवीय भावों को प्रभावशाली ढंग से व्यक्त करने की क्षमता है।
उन्होंने रामधारी सिंह ‘दिनकर’ तथा सुभद्रा कुमारी चौहान की रचनाओं का संदर्भ देते हुए कहा कि उनकी ओजपूर्ण भाषा आज भी पाठकों के मन में उत्साह, साहस और देशप्रेम की भावना जागृत करती है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रवीन ने किया। अंत में प्राचार्या द्वारा प्रतियोगिताओं में विजयी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति सम्मान, गौरव एवं जागरूकता की भावना को और सुदृढ़ किया।


More Stories
कुंभ में श्रद्धालुओं के लिए मंदिरों की पैदल राह होगी सुगम, फुटपाथ निर्माण जारी
हरिद्वार: महानगर कांग्रेस ने सरकार पर लगाया सरकारी जमीनें बाहरी लोगों को सौंपने का आरोप
दून अस्पताल पहुंचे मंत्री सुबोध उनियाल, पीजी, एसआर और जेआर डॉक्टरों को दिया स्टाइपेंड बढ़ाने का भरोसा