पौखाल/टिहरी गढ़वाल, 5-अगस्त-26: पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, पौखाल में बुधवार को नवोदय स्थापना दिवस उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रभारी प्राचार्य, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर तथा भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री राजीव गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करके किया गया।
प्रातःकालीन सभा में नवोदय विद्यालय समिति की स्थापना, उसके उद्देश्यों तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में उसके महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला गया। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि नवोदय विद्यालयों की परिकल्पना स्वर्गीय राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-1986 के अंतर्गत स्थापित नवोदय विद्यालय ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को निःशुल्क, गुणवत्तापूर्ण एवं समग्र आवासीय शिक्षा प्रदान कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट अवसर उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नवोदय के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सुश्री निशा रानी (पीजीटी, जीव विज्ञान) ने नवोदय शिक्षा प्रणाली की विशेषताओं पर अपने विचार व्यक्त किए। छात्र अस्मित एवं छात्रा ईशिका पंवार ने भी प्रेरक विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का सफल संचालन छात्रा अनन्या चमोली ने किया।
इस अवसर पर श्री अनिल कुमार रावत, श्री सत्येंद्र सैनी, श्री देवेंद्र सिंह रावत, श्री कृष्ण कुमार यादव, श्री मोहसिन खान, श्री नीरज कुमार मौर्य, श्रीमती जया सुंदरियाल, श्रीमती प्रिया कौशिक सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।


More Stories
कांवड़ यात्रा हरिद्वार- खोए 6वर्षीय मासूम को सकुशल परिजनों से मिलाया, टेक्नोलॉजी बनी सहारा
उत्तरांचल पंजाबी महासभा द्वारा 14 अगस्त को होगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन
देहरादून: राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला में नव-प्रवेशित छात्र-छात्राओं हेतु ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित