कमांद, टिहरी गढ़वाल, 06 नवम्बर 2026: राजकीय महाविद्यालय कमांद की प्राचार्या प्रोफेसर गौरी सेवक के कुशल दिशा-निर्देशन एवं प्रेरणादायी मार्गदर्शन में तथा राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी डॉo बीना रानी के नेतृत्व में आज दिनांक 06 नवम्बर 2026 को राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘नशामुक्त युवा’ विषय पर एक प्रभावी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, जागरूक, अनुशासित एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा गया कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति होती है और राष्ट्र का भविष्य उसके युवाओं की सोच, स्वास्थ्य एवं चरित्र पर निर्भर करता है।
नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि उसके परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसलिए वर्तमान समय में युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखते हुए सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के विभिन्न दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया तथा उन्हें खेल, शिक्षा, सामाजिक सेवा एवं रचनात्मक कार्यों के माध्यम से अपने व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यार्थियों से यह भी आह्वान किया गया कि वे केवल स्वयं नशे से दूर रहने तक सीमित न रहें, बल्कि अपने परिवार, मित्रों एवं समाज में भी नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।
राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों एवं अन्य छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में अत्यंत उत्साह एवं बढ़-चढ़कर सहभागिता की। विद्यार्थियों ने नशामुक्त युवा एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए सकारात्मक संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान राजकीय महाविद्यालय कमांद के समस्त प्राध्यापकगण एवं कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर यह संदेश विशेष रूप से रेखांकित किया गया कि “नशामुक्त युवा ही स्वस्थ परिवार, सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की सुदृढ़ आधारशिला हैं।” आज की युवा पीढ़ी यदि नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा एवं राष्ट्र निर्माण में लगाएगी, तो निश्चित रूप से एक स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा।
कार्यक्रम का समापन सभी छात्र-छात्राओं द्वारा नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने के संकल्प के साथ किया गया।




More Stories
वरिष्ठ भाजपा नेता डा.विशाल गर्ग ने पेश की हरिद्वार सीट से दावेदारी
सीबीएसई- कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2027 की डेटशीट जारी
हरिद्वार- राज्य आंदोलनकारी समिति ने पेंशन 20 हजार प्रतिमाह करने व अन्य सुविधाओं हेतु दिया ज्ञापन