August 21, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

राजकीय महाविद्यालय कमांद में नवप्रवेशित विद्यार्थियों हेतु ओरिएंटेशन-कम-इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित

कमांद, टिहरी गढ़वाल, 19 अगस्त 2026: राजकीय महाविद्यालय कमांद, टिहरी गढ़वाल में बी.ए. प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों हेतु ओरिएंटेशन-कम-इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर गौरी सेवक के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय के वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया।

इसके पश्चात महाविद्यालय की चीफ प्रॉक्टर डॉ. शेफाली शुक्ला द्वारा विद्यार्थियों को महाविद्यालय परिसर का भ्रमण कराया गया तथा नोटिस बोर्ड, शिकायत पेटिका, विभिन्न समितियों, कंप्यूटर कक्ष, पुस्तकालय, समाचार-पत्र स्टैंड सहित महाविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं एवं संसाधनों से भौतिक रूप से परिचित कराया गया।
इसके पश्चात कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या प्रोफेसर गौरी सेवक द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया गया।

डॉ. शेफाली शुक्ला ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को महाविद्यालय की स्थापना एवं विकास-यात्रा, शैक्षणिक व्यवस्था, प्राचार्या, प्राध्यापकगण एवं शिक्षणेतर कर्मचारियों के परिचय तथा विभिन्न समितियों एवं उनकी गतिविधियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।

डॉ. राकेश मोहन नौटियाल द्वारा पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP-2020) के अंतर्गत विषय चयन, क्रेडिट व्यवस्था एवं अन्य शैक्षणिक प्रावधानों की विस्तारपूर्वक जानकारी विद्यार्थियों को दी गई।

उन्होंने विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति के अंतर्गत उपलब्ध शैक्षणिक विकल्पों एवं अवसरों का समुचित लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने क्रेडिट आधारित व्यवस्था को विद्यार्थियों के अकादमिक विकास एवं भविष्य की शैक्षणिक प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इसके विभिन्न पहलुओं को सरलता से समझाया।

डॉ. दीपक राणा द्वारा महाविद्यालय में विगत वर्षों में आयोजित महत्वपूर्ण शैक्षणिक, सांस्कृतिक, प्रशिक्षण एवं सह-पाठ्यक्रमीय गतिविधियों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शित की गई, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को महाविद्यालय की गतिविधियों तथा कौशल एवं व्यक्तित्व विकास के अवसरों से परिचित कराया गया।

इसी क्रम में डॉ. प्रवीण द्वारा पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से संबंधित समितियों तथा रोवर-रेंजर समिति की जानकारी प्रदान करते हुए विद्यार्थियों को इसमें पंजीकरण एवं सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। डॉ. बीना द्वारा भी संबंधित समिति एवं उसकी गतिविधियों की जानकारी विद्यार्थियों को प्रदान की गई।

इस अवसर पर प्राचार्या प्रोफेसर गौरी सेवक ने विद्यार्थियों को शिक्षा को प्राथमिकता देने के साथ-साथ विभिन्न कौशल-आधारित एवं व्यक्तित्व विकास गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक परिवेश में अकादमिक ज्ञान के साथ संप्रेषण कौशल, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता, टीमवर्क एवं अन्य व्यावहारिक दक्षताओं का विकास भी आवश्यक है, जिससे विद्यार्थी भविष्य में बहुआयामी एवं सक्षम व्यक्तित्व के रूप में स्वयं को स्थापित कर सकें।

कार्यक्रम के अंत में नवप्रवेशित विद्यार्थियों को जलपान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं शिक्षणेतर कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं, विभिन्न समितियों एवं गतिविधियों से परिचित कराते हुए उन्हें महाविद्यालयीन जीवन के लिए सहज बनाना तथा उनके शैक्षणिक, कौशलगत एवं व्यक्तित्व विकास को उचित दिशा प्रदान करना रहा।

About The Author