बलुवाकोट, 24 सितंबर। राजकीय महाविद्यालय बलुवाकोट में छात्रसंघ निर्वाचन 2026-27 की प्रक्रिया के तीसरे दिन आज 24 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक सक्षम समिति के समक्ष नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। विभिन्न पदों के लिए कुल 13 छात्र-छात्राओं ने नामांकन दाखिल किया।
पदवार नामांकित प्रत्याशियों में अध्यक्ष पद के लिए दिया बिष्ट, खुशी रैखोला, उपाध्यक्ष (छात्र) पद के लिए नकुल सिंह एवं सोनाल, उपाध्यक्ष (छात्रा) पद के लिए मनीषा गोस्वामी एवं तनुजा भट्ट, सचिव पद के लिए हिमांशु भट्ट एवं किरण, कोषाध्यक्ष (आरक्षित छात्रा) पद के लिए प्रिया चलाल एवं सुष्मिता, संयुक्त सचिव (आरक्षित छात्रा) पद के लिए डिंपल धामी एवं रानू तितियाल तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए हेमंत कुमार एवं लोकेश सामंत ने नामांकन किया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. राहुल कुमार तिवारी ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया निर्धारित समयावधि में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि निर्वाचन समिति द्वारा पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। सभी प्रत्याशियों से निर्वाचन संबंधी नियमों एवं आचार-व्यवहार का पालन करने की अपील की गई।
प्राचार्य प्रो. सुभाष चंद्र वर्मा ने कहा कि छात्रसंघ निर्वाचन विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अनुशासन एवं मर्यादा बनाए रखते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने का आह्वान किया।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 25 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। इसके पश्चात अपराह्न 2:00 बजे से 4:00 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
महाविद्यालय प्रशासन एवं निर्वाचन समिति द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया को निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं सुचारु ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।


More Stories
सावक मंच युवा मोर्चा की जिला व शहर कार्यकारिणी घोषित
महाविद्यालय मजरा महादेव द्वारा अर्धनारीश्वर घाट पर स्वच्छता अभियान एवं गंगा स्वच्छता संदेश रैली आयोजित
राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” सामूहिक गान कार्यक्रम का वात्सल्य वाटिका, बहादराबाद में भव्य एवं सफल आयोजन