September 29, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी में नव निर्वाचित छात्र संघ को दिलाई गई पद एवं गोपनीयता की शपथ

पैठाणी, पौड़ी गढ़वाल: राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास-पैठाणी, पौड़ी गढ़वाल में मंगलवार, 29 सितंबर 2026 को नव निर्वाचित छात्र संघ का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल एवं छात्र संघ निर्वाचन अधिकारी डॉ. कुमार गौरव जैन के मार्गदर्शन में छात्र संघ पदाधिकारियों एवं मनोनीत कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय, बादशाहीथौल से प्राप्त दिशा-निर्देशों के क्रम में महाविद्यालय ने 22 सितंबर 2026 को छात्र संघ निर्वाचन 2026-27 की अधिसूचना जारी की थी।

महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रकाश फोंदणी ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए एक-एक नामांकन प्राप्त हुआ। निर्धारित प्रक्रिया के तहत तीनों प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

वहीं सचिव, सहसचिव एवं कोषाध्यक्ष पद के लिए निर्धारित समय सीमा तक कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी डॉ. कुमार गौरव जैन ने निर्वाचन समिति के सहयोग एवं प्राचार्य के मार्गदर्शन में निर्वाचित पदाधिकारियों तथा मनोनीत कार्यकारिणी सदस्यों को शपथ दिलाई।

मनोनीत कार्यकारिणी सदस्यों में महाविद्यालय के ऐसे मेधावी छात्र-छात्राओं को शामिल किया गया है, जिन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक, क्रीड़ा एवं अन्य महाविद्यालयीय कार्यक्रमों में सक्रिय योगदान दिया है। चयन के दौरान विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन तथा पूर्ववर्ती कक्षाओं में बैकलॉग न होने जैसे मानकों को भी ध्यान में रखा गया।

छात्र संघ के अध्यक्ष दिव्यांशु डौंडियाल, उपाध्यक्ष मनीष गुसाईं तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि कुमारी पूनम निर्वाचित हुए हैं। वहीं मनोनीत कार्यकारिणी सदस्यों में अंबिका, ईशा, भूमिका, श्रेया, आदित्य नेगी एवं सुमन कुमार शामिल हैं।

छात्रहित और महाविद्यालय विकास में योगदान का संकल्प

शपथ ग्रहण समारोह में छात्र संघ के सदस्यों ने महाविद्यालय के विकास, छात्रहित, अनुशासन एवं शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने के लिए जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने का संकल्प लिया।

प्रभारी प्राचार्य डॉ. कुमार गौरव जैन ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए महाविद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय एवं सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

समारोह में महाविद्यालय के प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और नव निर्वाचित छात्र संघ को शुभकामनाएं दीं।

महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रकाश फोंदणी ने दी।

About The Author