पैठाणी, पौड़ी गढ़वाल। दिनांक 15 सितंबर 2026 को संयुक्त निदेशक, उच्च शिक्षा, प्रो. संगीता गुप्ता ने राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास-पैठाणी, पौड़ी गढ़वाल का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महाविद्यालय के विभिन्न विभागों, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, छात्रावास, स्मार्ट क्लास, कार्यालय एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ-साथ कार्यालयीन अभिलेखों का भी गहनता से परीक्षण किया।
संयुक्त निदेशक ने विशेष रूप से पीएम ऊषा फेज-3 के अंतर्गत मंडी परिषद द्वारा महाविद्यालय में किए जा रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया तथा कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने वर्तमान में संचालित स्नातक प्रथम वर्ष की विभिन्न विषयों की प्रवेश प्रक्रिया का भी बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान कोई भी पात्र छात्र-छात्रा प्रवेश से वंचित न रहे। इसके लिए महाविद्यालय स्तर पर हर संभव प्रयास किए जाने चाहिए।
महाविद्यालय के प्राचार्य एवं संरक्षक प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल ने संयुक्त निदेशक का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक समस्याओं से उन्हें अवगत कराया तथा उनके समाधान हेतु सहयोग की अपील की। संयुक्त निदेशक ने समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों में डॉ. दिनेश रावत, डॉ. कल्पना रावत, डॉ. पुनीत चंद्र वर्मा, डॉ. खिलाप सिंह, डॉ. सतवीर, डॉ. उर्वशी एवं डॉ. प्रकाश फोंदणी ने भी अपने-अपने विभागों से संबंधित समस्याओं को संयुक्त निदेशक के समक्ष रखा तथा उनके समाधान के लिए तथ्यात्मक सुझाव प्रस्तुत किए।
महाविद्यालय के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने भी अपनी विभागीय समस्याओं से संयुक्त निदेशक को अवगत कराया। संयुक्त निदेशक ने छात्र-छात्राओं से भी संवाद करते हुए उनकी शैक्षणिक गतिविधियों, महाविद्यालय की व्यवस्थाओं तथा अन्य विषयों पर बातचीत की और उनके सवालों के जवाब दिए।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त निदेशक ने महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
उक्त जानकारी महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं मीडिया प्रभारी डॉ. प्रकाश फोंदणी ने दी।


More Stories
राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में पुस्तक भेंट समारोह के साथ हिन्दी दिवस कार्यक्रम श्रृंखला का समापन
मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता के दूसरे दिन योगासन प्रतियोगिताओं का आयोजन
अपना हर पल उत्तराखंड को विकसित बनाने में लगा रहे पुष्कर सिंह धामी- सुनील सैनी