केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा 10वीं औप 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2027 की डेटशीट जारी कर दी है।
बोर्ड की ओर से जारी अस्थायी कार्यक्रम के मुताबिक, 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। खास बात यह है कि इस बार 10वीं की बोर्ड परीक्षा 9 मार्च तक चलेगी।
जबकि 12वीं के विद्यार्थियों को 9 अप्रैल तक अलग-अलग विषयों के पेपर देने होंगे। ऐसे में छात्रों के पास अब अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने और विषयवार पढ़ाई की रणनीति बनाने का पूरा मौका है।
सीबीएसई की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे शुरू होंगी। हालांकि, विषय के हिसाब से परीक्षा की अवधि अलग-अलग रखी गई है। कुछ पेपर दो घंटे के होंगे, जबकि ज्यादातर मुख्य विषयों की परीक्षा तीन घंटे चलेगी।
10वीं की परीक्षा 16 फरवरी से 9 मार्च तक
सीबीएसई की 10वीं की बोर्ड परीक्षा में इस बार 83 विषय शामिल हैं। परीक्षा की शुरुआत 16 फरवरी को पेंटिंग विषय के पेपर से होगी। इसके बाद 17 फरवरी को गणित स्टैंडर्ड और गणित बेसिक की परीक्षा आयोजित की जाएगी। विज्ञान का पेपर 22 फरवरी को होगा। अंग्रेजी कम्युनिकेटिव और अंग्रेजी लैंग्वेज एंड लिटरेचर की परीक्षा 26 फरवरी को निर्धारित की गई है।
हिंदी कोर्स-ए और हिंदी कोर्स-बी का पेपर 3 मार्च को होगा। सामाजिक विज्ञान की परीक्षा 8 मार्च को आयोजित की जाएगी।
वहीं, 10वीं का आखिरी पेपर 9 मार्च को होगा। इस दिन कुछ भाषाओं और अन्य विषयों की परीक्षाएं निर्धारित हैं।




12वीं की बोर्ड परीक्षा में 121 विषय शामिल किए गए हैं। इसकी शुरुआत 16 फरवरी को फिजिक्स के पेपर से होगी। इसके बाद 17 फरवरी को इंजीनियरिंग ग्राफिक्स की परीक्षा आयोजित की जाएगी। मुख्य विषयों की बात करें तो अकाउंटेंसी का पेपर 23 फरवरी, भूगोल का 25 फरवरी और केमिस्ट्री का पेपर 27 फरवरी को होगा। अंग्रेजी इलेक्टिव और अंग्रेजी कोर की परीक्षा 5 मार्च को निर्धारित है। गणित और एप्लाइड मैथमेटिक्स का पेपर 9 मार्च को होगा।
हिंदी इलेक्टिव और हिंदी कोर की परीक्षा 13 मार्च को आयोजित की जाएगी। इसके बाद अर्थशास्त्र का पेपर 16 मार्च, राजनीति विज्ञान का 19 मार्च, जीव विज्ञान का 25 मार्च और इतिहास का पेपर 27 मार्च को होगा। कंप्यूटर साइंस, इंफॉर्मेटिक्स प्रैक्टिसेज और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की परीक्षा 31 मार्च को होगी। बिजनेस स्टडीज का पेपर 1 अप्रैल को निर्धारित है। 12वीं की परीक्षाओं का समापन 9 अप्रैल को होगा।





1 जनवरी से शुरू होंगी प्रैक्टिकल परीक्षाएं
सीबीएसई की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, 10वीं और 12वीं की नियमित प्रैक्टिकल परीक्षाएं, प्रोजेक्ट वर्क और इंटरनल असेसमेंट 1 जनवरी 2027 से शुरू होंगे।
वहीं, सर्दियों वाले स्कूलों में प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट की प्रक्रिया 9 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। ऐसे स्कूलों के विद्यार्थियों को निर्धारित समय के भीतर अपनी प्रैक्टिकल संबंधी तैयारियां पूरी करनी होंगी।



More Stories
वरिष्ठ भाजपा नेता डा.विशाल गर्ग ने पेश की हरिद्वार सीट से दावेदारी
महाविद्यालय कमांद में ‘नशामुक्त युवा’ विषय पर प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
हरिद्वार- राज्य आंदोलनकारी समिति ने पेंशन 20 हजार प्रतिमाह करने व अन्य सुविधाओं हेतु दिया ज्ञापन