संजीव शर्मा,हरिद्वार: यात्रा सीजन और आगामी अर्धकुंभ मेले की तैयारियों के बीच हरिद्वार के अपर रोड क्षेत्र में नगर निगम द्वारा चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान विवाद खड़ा हो गया। कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों ने नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर निगम की टीम अपर रोड पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने के उद्देश्य से पहुंची थी। अधिकारियों ने व्यापारियों से दुकानों का सामान निर्धारित सीमा के भीतर रखने की अपील की, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। प्रशासन का कहना है कि आगामी अर्धकुंभ मेले और बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए यह कार्रवाई आवश्यक है।
हालांकि कई व्यापारियों ने निगम की कार्रवाई का विरोध करते हुए सामान हटाने से इंकार कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और व्यापारियों ने अधिकारियों का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। विवाद बढ़ने पर मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।
विवाद उस समय और गहरा गया जब नगर निगम कर्मचारियों पर सड़क और दुकानों के सामने गंदगी डालने के आरोप लगे। बताया गया कि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से निकाला गया कूड़ा विवादित क्षेत्र में खाली कर दिया गया, जिससे सड़क पर गंदगी फैल गई। इसके बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई। क्षेत्र से गुजरने वाले श्रद्धालुओं और राहगीरों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि हरिद्वार में आगामी अर्धकुंभ मेले की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और प्रशासन बेहतर व्यवस्थाओं के दावे कर रहा है। ऐसे में नगर निगम और व्यापारियों के बीच उत्पन्न यह विवाद प्रशासनिक समन्वय और संवाद की आवश्यकता को रेखांकित करता है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि मेले जैसे बड़े आयोजनों से पहले प्रशासन, नगर निगम और व्यापारिक संगठनों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया जाना चाहिए, ताकि शहर की व्यवस्था सुचारु रहे और श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।



More Stories
उत्तराखंड को घुसपैठिया कहने पर अखिलेश यादव के खिलाफ शिवसेना का जोरदार प्रदर्शन
हरिद्वार में 25वीं उत्तराखंड स्टेट मिनी सब-जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप का समापन
एनयूजे आई की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण संपन्न, अध्यक्ष पद पर देवेंद्र शर्मा और महामंत्री पद की जोगेंद्र सिंह मावी ने ली शपथ