हरिद्वार, 23 अक्टूबर 2026: उत्तराखंड में मिलावटखोरी पर लगाम लगाने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कमर कस ली है।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडेय द्वारा जारी आदेश के बाद, अब 26 अक्टूबर 2026 से हरिद्वार सहित पूरे राज्य में खुली मिठाइयों और बेकरी उत्पादों के काउंटर व ट्रे पर निर्माण तिथि (Manufacturing Date), अवसान तिथि (Expiry Date) और यूज़ बाई तिथि (Use by Date) लिखना पूरी तरह अनिवार्य कर दिया गया है।
इस आदेश के प्रभावी क्रियान्वयन और व्यापारियों को जागरूक करने के लिए आज खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, हरिद्वार द्वारा शंकर आश्रम स्थित ‘मोहन जी की पूरी वाले’ के हॉल में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला की अध्यक्षता कर रहे उपायुक्त (गढ़वाल मंडल) राजेंद्र सिंह रावत, सहायक आयुक्त महिमानन्द जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप कुमार जैन एवं कैलाश चन्द्र टम्टा ने संयुक्त रूप से व्यापारियों को नियमों की जानकारी दी।
• 17 अक्टूबर को जारी हुआ था आदेश: अधिकारियों ने बताया कि आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय द्वारा यह आदेश 17 अक्टूबर 2026 को जारी किया गया था।
• 26 अक्टूबर से सख्ती: आगामी 26 अक्टूबर से सभी मिठाई और बेकरी निर्माताओं/विक्रेताओं को अपनी ट्रे और काउंटर पर इन तिथियों का स्पष्ट अंकन करना होगा, ताकि उपभोक्ताओं को उत्पाद की ताजगी की सही जानकारी मिल सके।
दीपावली के पावन त्योहार को देखते हुए विभाग ने खाद्य कारोबारकर्ताओं को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे मिठाइयों को बनाने में केवल उच्च गुणवत्तायुक्त कच्चे माल का ही प्रयोग करें। निर्माण और बिक्री स्थलों पर साफ-सफाई व स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। यदि त्योहार के दौरान मानकों की अनदेखी या मिलावट पाई गई, तो विभाग कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगा।
इस महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यशाला में हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों जैसे ज्वालापुर, आर्यनगर, शिवमूर्ति चौक, मायापुर, कनखल, भूपतवाला, शिवालिक नगर, लक्सर, सुल्तानपुर, पथरी, बहादराबाद और खानपुर के बड़ी संख्या में मिठाई निर्माताओं, विक्रेताओं और बेकरी संचालकों ने प्रतिभाग किया। विभाग ने साफ कर दिया है कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी को इन नियमों का अक्षरशः पालन करना होगा।



More Stories
कुंभ-2027 की तैयारी : एनएचएआई की हरिद्वार बाईपास परियोजना का मेलाधिकारी और आईजी ने किया स्थलीय निरीक्षण
हरिद्वार में दीपावली से पहले शुरू होगी ‘गंगा सारथी’ इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट सेवा, श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत
12वीं के बाद सही करियर चुनकर उठाएं ‘गौरा नंदा योजना’ का लाभ: डॉ. हरीश रावत