हरिद्वार: शादीशुदा प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचना एक आशिक युवक को भारी पड़ गया। प्रेमी के घर पहुंचने के साथ पति के अचानक घर आने जाने पर महिला ने प्रेमी को बदमाश बताकर लूट का आरोप लगा दिया।
पति ने युवक को बदमाश समझकर धुनायी कर पुलिस के हवाले कर दिया। जेल जाने की बात आने पर युवक ने पुलिस को महिला के साथ अपनी वाट्सएप चैटिंग दिखाकर बेगुनाही साबित की। हकीकत सामने आने पर महिला का पति भी अवाक रह गया। पुलिस ने आरोपी युवक का शांतिभंग में चालान कर दिया है। मामला उपनगरी ज्वालापुर का है।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र की एक विवाहिता की इंस्टाग्राम पर युवक से दोस्ती हुई। युवक से महिला की अक्सर बातचीत होने लगी। पति की गैर मौजूदगी में महिला ने युवक को अपने घर पर मिलने बुला लिया। तभी महिला का पति अचानक घर लौट आया। पति के युवक के बारे में पूछने पर महिला ने युवक पर आरोप लगा दिया कि युवक ने घर में घुसकर उसे बंधक बनाया और लूटपाट कर रहा था। इतना सुनते ही पति ने युवक की धुनाई कर दी और पुलिस को सूचना देकर बुला लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कोतवाली ले आई। पुलिस युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने वाली थी कि युवक ने अपनी सफाई में अपने मोबाइल पर विवाहित के साथ हुई वाट्सएप चैटिंग दिखाते हुए बताया कि वह कोई चोर या बदमाश नहीं है। बल्कि महिला के बुलावे पर ही उसके घर गया था। चैटिंग पढ़कर पुलिस को मामला समझते देर न लगी। पुलिस पर मुकदमा दर्ज करने का दबाव बना रहे पति को जब चैटिंग दिखाई गई तो उसके भी होश उड़ गए। चैटिंग पढ़ने के बाद पति उल्टे पांव घर लौट गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी ने बताया कि युवक का शांतिभंग में चालान कर दिया गया है।


More Stories
महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ – राष्ट्रीय खेल दिवस पर कैरम व शतरंज प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन
राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़़ में संस्कृत सप्ताह कार्यक्रम का हुआ समापन
धनौरी: अखिल भारतीय शिक्षा समागम के अंतर्गत पर्यावरण समिति द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” वृक्षारोपण कार्यक्रम