संजीव शर्मा, हरिद्वार, 17 जुलाई: हरेला पर्व के पावन अवसर पर सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में शुक्रवार को बिल्वकेश्वर मंदिर परिसर एवं गौरीकुंड क्षेत्र में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए संस्था के सदस्यों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर उन्हें संरक्षित करने का संकल्प लिया।
संस्था के अध्यक्ष अमरीश रस्तोगी ने कहा कि सोसायटी के सभी सदस्यों ने “मेरा जीवन, मेरा वृक्ष” अभियान के तहत बिल्वकेश्वर मंदिर और गौरीकुंड क्षेत्र को अधिक हरा-भरा बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और वृक्षारोपण आने वाली पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण निवेश है।
कार्यक्रम में उपस्थित स्वामी अरुण वन ने संस्था के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का आश्वासन दिया।
संस्था के मीडिया प्रभारी सुभाष कपिल ने बताया कि हरेला पर्व प्रकृति और हरियाली को समर्पित पर्व है। इस अवसर पर आंवला, नीम, बेहड़ा और बेल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए, ताकि क्षेत्र की हरियाली को बढ़ावा मिल सके।
संस्था के कोषाध्यक्ष एडवोकेट राकेश गुप्ता ने कहा कि सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी समाज और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। पर्यावरण संरक्षण भी संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसी उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. अशोक गिरी, कमल सेठ, विजय बंसल, विदेश गुप्ता, सरदार त्रिलोचन सिंह, अमरीश रस्तोगी, एडवोकेट राकेश गुप्ता, स्वामी अरुण वन तथा सुभाष कपिल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।


More Stories
राजकीय महाविद्यालय पोखाल में हरेला पर्व पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित
महाविद्यालय चिन्यालीसौड़़ के एनएसएस स्वयंसेवकों ने वन विभाग, यूथ ग्रुप तथा अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सहयोग से किया वृक्षारोपण
धनोरी पी.जी. कॉलेज की रोवर-रेंजर इकाई द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान आयोजित