केदारनाथ धाम में लड़की द्वारा अपने बॉयफ्रेंड को प्रपोज किये जाने का मामला सामने आया है। वीडियो में दिख रही लड़की का नाम विशाखा फुलसुंगे है। वह भारत की पहली महिला मोटोव्लॉगर है। मूल रूप से विशाखा मुंबई की रहने वाली हैं। यूट्यूब व अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स पर वह राइडर गर्ल विशाखा के नाम से पहचानी जाती हैं। वायरल हो रहे वीडियो में वह अपने बॉयफ्रेंड रजत प्रताप सिंह को शादी के लिए प्रपोज करते हुए दिख रही हैं।

वीडियो में दिख रहा है कि रजत और विशाखा ने पीले रंग के कपड़े पहने हैं। दोनों केदारनाथ मंदिर के आगे प्रार्थना कर रहे हैं। तभी विशाखा को उनका एक साथी रिंग देता है और फिर विशाखा घुटने के बल बैठकर रजत को प्रपोज करती हैं। जिसके बाद रजत उन्हें गले लगा लेता है।

वहां मौजूद श्रद्धालु भी इसका वीडियो बनाने लगते हैं। वीडियो शेयर करते हुए विशाखा लिखती हैं, ‘आखिरकार काफी सारी प्लानिंग के बाद वो दिन आ ही गया। मैं पिछले कई महीनों से इसकी तैयारी कर रही थी। भोलेनाथ के आशीर्वाद से…मैं अपनी खुशियों को बयां नहीं कर सकती’।

वहीं ट्रोल किए जाने पर रजत लिखते हैं, ‘एक कट्टर हिंदू होने के नाते मुझे इस रील में कुछ भी ऐसा नहीं लगता कि यह अभद्र हो या फिर भगवान के खिलाफ हो। पहले के समय में सभी पवित्र रस्में (विवाह से संबंधित) मंदिरों में ही हुआ करती थीं। महादेव के सामने झूठ, फरेब और शो ऑफ की कोई जगह नहीं है. जो है सच्चे मन से है’।

कुछ लोग जहां प्यार के इस तरह के इजहार की तारीफ कर रहे हैं, तो वहीं अन्य लोग धार्मिक स्थानों पर ऐसे कृत्यों को गलत ठहरा रहे हैं. इस मामले में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने कहा कि धार्मिक स्थलों की एक गरिमा, मान्यताएं और परंपराएं होती हैं। श्रद्धालुओं को उनके अनुरूप ही आचरण करना चाहिए। केदारनाथ के वरिष्ठ पुरोहित और BKTC के सदस्य श्रीनिवास पोस्ती ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर परंपराओं का निर्वहन बहुत जरूरी है। वह श्रद्धालुओं से अपील करते हैं कि मंदिर की गरिमा बनाए रखें।