- स्वास्थ्य शिविरों में हरसंभव सहयोग का आश्वासन : डॉ. संध्या शर्मा
हरिद्वार, 11 सितंबर: श्री गंगा सभा के अध्यक्ष एवं ग्रामीण स्वास्थ्य दर्जाप्राप्त राज्य मंत्री नितिन गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर लगातार जोर दे रही है। सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
शुक्रवार को ग्रामीण स्वास्थ्य राज्य मंत्री नितिन गौतम का सपत्नीक प्रेम हॉस्पिटल में सम्मान किया गया। वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नीलीशा सैनी शर्मा, इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की उपाध्यक्ष एवं आईवीएफ कंसल्टेंट डॉ. संध्या शर्मा, सचिव कपिल मोदी, कोषाध्यक्ष विवेक अग्रवाल एवं दिनेश पुंडीर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर नितिन गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह उनके लिए केवल पद नहीं, बल्कि जनता के प्रति जवाबदेही और सेवा का संकल्प है। उनका लक्ष्य है कि सरकार की स्वास्थ्य योजनाएं केवल फाइलों और घोषणाओं तक सीमित न रहें, बल्कि गांव के अंतिम व्यक्ति तक सीधे पहुंचें।
उन्होंने कहा कि वह सरकार और जनता के बीच प्रभावी एवं जवाबदेह सेतु की भूमिका निभाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की कमियों, लापरवाही और आमजन की परेशानियों को किसी भी स्तर पर नजरअंदाज नहीं होने दिया जाएगा। जहां व्यवस्था कमजोर मिलेगी, वहां आवाज उठाई जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर सरकार का ध्यान तत्काल आकृष्ट कराया जाएगा।
नितिन गौतम ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि गरीब, किसान, श्रमिक और ग्रामीण परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दर-दर न भटकना पड़े। स्वास्थ्य सेवा अंतिम व्यक्ति का अधिकार है और इस अधिकार को धरातल तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस दौरान डॉ. संध्या शर्मा ने ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले स्वास्थ्य शिविरों में हरसंभव सहयोग देने की बात कही। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।


More Stories
हरिद्वार: राष्ट्रीय सावक मंच ने अवैध नशे के व्यापार के विरुद्ध एसएसपी को सौंपा ज्ञापन
गजा: अपर जिलाधिकारी ने तहसील गजा का किया निरीक्षण, खरसाडा़ मे काटी मंडुवे की फसल
खाद्य तेल के लेबल और ऑनलाइन दावों में मिली अनियमितता, निर्माता कंपनी, अमेजन व एक एक्ट्रेस को नोटिस