हरिद्वार: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से दो युवक शनिवार की सुबह एक किशोरी को लेकर फरार हो गए। दोनों युवकों को उत्तर प्रदेश पुलिस ने रुड़की से पकड़ लिया है। साथ ही पुलिस ने किशोरी को भी बरामद कर लिया है।
बताया जा रहा है कि युवक किशोरी को बहला फुसलाकर अपने साथ लाए थे। यूपी पुलिस आरोपियों को अपने साथ लेकर चली गई है।
जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के मधुबन थाना क्षेत्र के बाबूधाम निवासी एक व्यक्ति की पुत्री को रुड़की निवासी दो युवक शनिवार की सुबह गाजियाबाद से लेकर फरार हो गए थे। किशोरी के परिजनों को जब इसकी जानकारी लगी तो उन्होंने गाजियाबाद के थाना मधुबन बाबूधाम पुलिस को मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने तत्काल ही मामले की गंभीरता को देखते हुए छानबीन शुरू कर दी। जब पुलिस ने सर्विलांस की मदद से ट्रेस किया तो पता चला कि युवक किशोरी को लेकर अपने साथ रुड़की आए हैं, जिसके बाद गाजियाबाद पुलिस रुड़की की गंगनहर कोतवाली पहुंची और गंगनहर कोतवाली पुलिस को मामले से अवगत कराया।
जहां उप्र की पुलिस टीम ने लोकेशन के आधार पर रुड़की के जाटव बस्ती में दबिश देकर एक युवक को पकड़ लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर रेलवे रोड से दूसरे युवक और किशोरी को भी बरामद कर लिया।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि कुछ समय पहले रेलवे रोड निवासी युवक का किशोरी से परिचय हुआ था। इस मामले में गंगनहर कोतवाली प्रभारी एश्वर्य पाल ने बताया कि गाजियाबाद पुलिस की टीम रुड़की आई थी, टीम किशोरी और दोनों युवकों को अपने साथ लेकर चली गई है।


More Stories
नागरिकों की जिंदगी बेहतर बनाने में सहभागी बने अधिवक्ता: जस्टिस सूर्यकांत
हरिद्वार: सप्तऋर्षि घाट पर गंगा में फंसे 15 लोगों को किया रेस्क्यू
हरिद्वार: पदयात्रा के साथ धर्म परिवर्तन की घोषणा, गंगा स्नान के बाद दर्जनों ने अपनाया हिंदू धर्म