दिल्ली के बेबी केयर सेंटर में भीषण आग, 7 नवजात जिन्दा जले, 5 बच्चे झुलसे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित अनेक नेताओं ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है।

पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार में शनिवार की देर रात आग लगने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस शिशु देखभाल केंद्र में भीषण आग लगने से 7 नवजात बच्चो की मौत हो गई वही 5 बच्चे गंभीर बताए जा रहे है। कुल 12 बच्चों को देर रात रेस्क्यू किया गया। जिनमें से 07 बच्चों की मौत हो गई,एक बच्चे को वेंटीलेटर में रखा गया है।

Img 20240526 Wa0007

दिल्ली के विवेक विहार स्थित तीन मंजिला बिल्डिंग में आग लगी थी। इसके फर्स्ट फ्लोर पर अस्पताल में 12 बच्चे भर्ती थे।

दिल्ली फायर सर्विस चीफ अतुल गर्ग के अनुसार आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है। हालांकि, शुरुआती जांच में ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लास्ट को आग लगने का कारण बताया जा रहा है। बेबी केयर सेंटर के नीचे ग्राउंड फ्लोर पर अवैध ऑक्सीजन सिलेंडर रिफिलिंग का काम चल रहा था।

पुलिस ने चाइल्ड हॉस्पिटल के मालिक नवीन किची के खिलाफ आईपीसी की धारा 336 (दूसरों की निजी सुरक्षा को खतरे में डालना), 304A (लापरवाही से मौत) और 34 (आपराधिक गतिविधि) के तहत एफआईआर दर्ज की है। वह पश्चिम विहार का रहने वाला है। घटना के बाद से वह फरार है।

अधिकारी ने बताया कि उन्हें रात 11:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर दमकल की कुल 16 गाड़ियां पहुंचीं। तब तक आग की लपटें तीनों फ्लोर और पास की बिल्डिंग में फैल गई थी।बेबी केयर सेंटर में ऊपर जाने के लिए बाहर की तरफ से लोहे की एकमात्र घुमावदार संकरी सीढ़ी है। उसमें भी आग लग गई थी।

बेबी केयर सेंटर में भर्ती 12 बच्चों में से एक की मौत आग लगने से पहले ही हो चुकी थी। धुआं भरने के कारण अन्य 11 बच्चों की हालत गंभीर हो गई। दमकल की टीम और स्थानीय लोगों ने लकड़ी की सीढ़ियों पर चढ़कर खिड़की से अन्य 11 बच्चों को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक दम घुटने से 6 बच्चों की मौत हो गई।

रेस्क्यू किए गए 5 बच्चों को एडवांस NICU अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। चाइल्ड हॉस्पिटल के बगल वाली रेसिडेंशियल बिल्डिंग से 11-12 लोगों को बचाया गया। फायर सर्विस ने करीब डेढ़ घंटे मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

चाइल्ड हॉस्पिटल से नवजात बच्चों को खिड़की के सहारे निकाला गया।

बताया जा रहा है कि बिल्डिंग के नीचे अवैध ऑक्सीजन सिलेंडर रिफिलिंग का काम चलता था।

फायर डिपार्टमेंट और पुलिस के अनुसार बेबी केयर सेंटर के पास किसी एम्बुलेंस में ऑक्सीजन गैस की रिफिलिंग की जा रही थी। उसी दौरान धमाके की तेज आवाज सुनाई दी। इसके बाद पूरे बिल्डिंग में आग की लपटें फैल गई।

पहला सिलेंडर फटकर बिल्डिंग के अंदर गया, जिससे आग लग गई। आग लगते ही हॉस्पिटल के सभी स्टाफ बच्चों को छोड़कर भाग गए। उसके बाद एक के बाद एक तीन और सिलेंडर में ब्लास्ट हुए।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बेबी केयर सेंटर के नीचे काफी समय से ऑक्सीजन रिफिलिंग का काम होता था। यहां रोज बड़ी संख्या में ऑक्सीजन सिलेंडर लाए जाते थे। इसको लेकर पहले ही कई बार शिकायत की गई थी। हालांकि, कोई सुनवाई नहीं हुई।