देहरादून, 2 सितंबर: महाविद्यालय मालदेवता में राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के उपलक्ष्य में गृह विज्ञान संकाय द्वारा “उत्तम पोषण एवं संतुलित आहार” विषय पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में उचित पोषण एवं स्वस्थ खान-पान के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के साथ-साथ उन्हें समाज में पोषण जागरूकता के संवाहक के रूप में प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. डिम्पल भट्ट के उद्घाटन वक्तव्य से हुआ। उन्होंने राष्ट्रीय पोषण सप्ताह मनाए जाने के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संतुलित आहार स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से पोषण संबंधी ज्ञान को स्वयं तक सीमित न रखकर परिवार एवं समुदाय तक पहुँचाने तथा सही खान-पान के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. वी. पी. अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पोषण जागरूकता को जनसामान्य तक पहुँचाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय स्तर के साथ-साथ निकटवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में भी पोषण जागरूकता अभियान संचालित करने के लिए प्रेरित किया।
मानव विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. सुमन गुसाईं ने उत्तम पोषण के महत्व तथा महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं आसपास के क्षेत्रों में पोषण स्थिति के आकलन में मानवमिति की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। डॉ. विनोद शाह, सहायक प्राध्यापक, मानव विज्ञान विभाग ने विद्यार्थियों को ऐसे शोध एवं अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया, जिनका समाज पर सकारात्मक एवं सार्थक प्रभाव पड़े।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रंगों के माध्यम से संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। प्रथम पुरस्कार खुशबू थापा एवं किरण, द्वितीय पुरस्कार अंकिशा एवं हिमांशी तथा तृतीय पुरस्कार नैंसी रावत एवं आयुषी ने प्राप्त किया।
प्रतियोगिता का निर्णयन डॉ. रेखा सिंह, डॉ. मधुबाला जवाठा एवं डॉ. लीना रावत द्वारा किया गया। कार्यक्रम ने रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से “सही पोषण, स्वस्थ समाज” का सार्थक संदेश दिया।


More Stories
कोटा: छात्राओं में आत्मरक्षा एवं स्वाभिमान की भावनाओं को सुदृढ़ करने हेतु कार्यक्रम आयोजित
राजकीय कला कन्या महाविद्यालय कोटा में महिला प्रकोष्ठ समिति द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित
राजकीय महाविद्यालय कोटा में ‘लोक मंथन संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन