देवेंद्र सक्सेना,कोटा: आज दिनांक 02 अक्टूबर 2026 को राजकीय कला कन्या महाविद्यालय, कोटा में राष्ट्रीय सेवा योजना की चारों इकाइयों और गाँधी अध्ययन केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर ‘अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस’ हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में राष्ट्र निर्माण, सादगी और अहिंसा के मूल्यों को आत्मसात करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ किया गया।
कार्यक्रम में संगीत विभाग की संकाय सदस्य डॉ. पुनीता श्रीवास्तव, डॉ. संतोष कुमार मीणा , निकिता मीणा, तबला वादक देवेंद्र सक्सेना महूराज राव ने अपनी मधुर आवाज में गांधीजी का प्रिय भजन “वैष्णव जन तो तेने कहिये” प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इसके पश्चात् कार्यक्रम में उपस्थित सभी संकाय सदस्यों और छात्राओं ने संगीत विभाग के सहयोग से सम्मिलित रूप से गांधीजी का प्रिय भजन “रघुपति राघव राजा राम” गाया। कार्यक्रम में स्वयंसेविकाओं कोमल सामरिया, भावना महावर और निशा मीणा ने महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री के प्रसिद्ध नारे “जय जवान, जय किसान” के जीवन-दर्शन पर विस्तार से प्रकाश डाला।
गांधी अध्ययन केंद्र के प्रभारी डॉ. सुबोध कुमार ने गांधीजी के जीवन और दर्शन पर विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि गांधीजी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत केवल इतिहास की बातें नहीं हैं, बल्कि आज के आधुनिक भारत में भी उतने ही प्रभावी हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष, भाजपा प्रवक्ता गांधीवादी विचारक श्री पंकज मेहता ने उपस्थित स्वयंसेविकाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आज के युवाओं को महात्मा गांधी के अहिंसक विचारों और लाल बहादुर शास्त्री के दृढ़ संकल्प व ईमानदारी को अपने जीवन में उतारने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविधालय प्राचार्य डॉ. सीमा चौहान ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन हमें कर्तव्यनिष्ठा, सादगी और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में ‘विकसित भारत जन सेवा अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम विशेष रूप से आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाओं ने मिलकर परिसर की साफ-सफाई की, जिसका उद्देश्य गांधीजी के ‘स्वच्छ भारत’ के सपने को साकार करने का संदेश देना था।
कार्यक्रम का सफल संचालन कार्यक्रम अधिकारी श्री धन्नाराम गुर्जर ने किया। कार्यक्रम में संकाय सदस्य एवं स्वयंसेविकाएं उपस्थित रही।
कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ संकाय सदस्य श्रीमती मीरा गुप्ता ने सभी अतिथियों, संकाय सदस्यों और छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन दिया।
उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना की चारों इकाइयों तथा गाँधी अध्ययन केंद्र के समन्वय की सराहना की।



More Stories
राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़़ द्वारा, द्वितीय एकदिवसीय शिविरआयोजित
स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता में धूमधाम से हुआ गांधी एवं शास्त्री जयंती का आयोजन
महापुरुषों की जयन्ती पर पुष्प ही न चढ़ाएं, बल्कि उनके आदर्शों को भी जीवन में करें धारण – जितेन्द्र रघुवंशी