देवेंद्र सक्सेना, कोटा, 28 जुलाई 2026: राजकीय कला कन्या महाविद्यालय, कोटा में आज तंबाकू निषेध समिति के तत्वावधान में अभिविन्यास कार्यक्रम के अंतर्गत “नशा मुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य” पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, कोटा की मनोचिकित्सा विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मिथलेश खिन्ची उपस्थित रहीं।
उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, तंबाकू सेवन के स्वास्थ्य संबंधी खतरों तथा मानसिक स्वास्थ्य की महत्ता पर विस्तार से जानकारी दी। डॉ. खिन्ची ने नशा मुक्ति के उपायों और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा चौहान ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। मंच संचालन तंबाकू निषेध समिति की प्रभारी डॉ. दीप्ति जोशी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर छात्राओं हेतु नशा मुक्ति पर प्रश्नोत्तरी, जागरूकता रैली एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। प्रश्नोत्तरी में विजेता छात्राओं को महाविद्यालय प्राचार्य द्वारा पुरस्कृत किया गया।
इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ संकाय सदस्य श्रीमती प्रेरणा शर्मा, श्रीमती मीरा गुप्ता, संगीत विभाग के श्री देवेन्द्र सक्सेना एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को नशा मुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। अन्त में तंबाकू निषेध समिति की सदस्य डॉ. प्रियंका वर्मा द्वारा सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।


More Stories
कोटा: भगवान दास मोरवाल के कथा-साहित्य पर शोध प्रस्तुतीकरण
नया उदासीन अखाड़ा एक नए विवाद में, अब “असली और नकली देवताओं” की पूजा और शाही स्नान का मुद्दा आया सामने
हरिद्वार: नकली पनीर निर्माण इकाई पर छापा, 49 किग्रा पनीर करवाया नष्ट