April 23, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय, नानकमत्ता मे विश्व पृथ्वी दिवस का हुआ आयोजन

महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय, नानकमत्ता में आज दिनांक 22 अप्रैल 2026 को महाविद्यालय के भूगोल विभाग एवं जन्तु विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता की रक्षा तथा पृथ्वी को प्रदूषण से मुक्त रखने के प्रति विद्यार्थियों एवं आम जनमानस को जागरूक करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अंजला दुर्गापाल द्वारा किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने पृथ्वी के संरक्षण हेतु सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन, वनों की कटाई तथा प्रदूषण जैसे गंभीर मुद्दे आज मानव जीवन के लिए बड़ी चुनौती बन चुके हैं, जिनका समाधान मिल-जुलकर कार्य करने से ही संभव है।

महाविद्यालय के मुख्य शास्ता प्रो. मृत्युंजय शर्मा ने वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्र-छात्राओं को अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया।

भूगोल विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. चम्पा टम्टा ने पृथ्वी दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं जन्तु विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. आशा गढ़िया ने जैव विविधता संरक्षण एवं वन्य जीवों की सुरक्षा के महत्व को विस्तार से समझाया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा पोस्टर प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पृथ्वी को स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित बनाए रखने का संकल्प लिया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।

About The Author