July 29, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

महाविद्यालय कमांद की टीम का ईट राइट यूथ हैकाथॉन उत्तराखंड–2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन, सेमीफाइनल में बनाई जगह

राजकीय महाविद्यालय कमांद, टिहरी गढ़वाल- महाविद्यालय की छात्राओं की टीम ने ईट राइट इंडिया के अंतर्गत आयोजित ईट राइट यूथ हैकाथॉन उत्तराखंड–2026 प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल राउंड के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है।

महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर गौरी सेवक के नेतृत्व में ईट राइट यूथ हैकाथॉन उत्तराखंड–2026 में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने हेतु टीम का गठन किया गया। इस प्रतियोगिता के लिए महाविद्यालय की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शेफाली शुक्ला को नोडल अधिकारी के रूप में नामित किया गया।

नोडल अधिकारी डॉ. शेफाली शुक्ला द्वारा महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं में से प्रतियोगिता हेतु टीम का चयन किया गया, जिसके अंतर्गत पार्वती को टीम लीडर तथा अमीषा, अंजली, मीना एवं हिमानी को टीम सदस्य के रूप में चयनित किया गया। चयनित टीम ने डॉ. शेफाली शुक्ला के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा, नवाचार एवं उत्कृष्ट प्रस्तुति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों की अनेक छात्र-छात्रा टीमों ने प्रतिभाग किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच राजकीय महाविद्यालय कमांद की टीम ने सफलतापूर्वक सेमीफाइनल राउंड के लिए क्वालीफाई करते हुए उत्तराखंड के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों से चयनित टॉप–75 टीमों में अपना स्थान बनाया। यह उपलब्धि महाविद्यालय के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण एवं प्रेरणादायी है।

प्रतियोगिता में उल्लेखनीय सहभागिता एवं सेमीफाइनलिस्ट के रूप में चयनित होने पर ईट राइट यूथ हैकाथॉन उत्तराखंड–2026 की आयोजन टीम द्वारा महाविद्यालय की नोडल अधिकारी डॉ. शेफाली शुक्ला तथा टीम की सभी सदस्य छात्राओं—पार्वती, अंजली, अमीषा, हिमानी एवं मीना—को Certificate of Appreciation प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर गौरी सेवक ने नोडल अधिकारी डॉ. शेफाली शुक्ला तथा महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाली सभी छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियाँ महाविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, नवाचार की भावना एवं गुणवत्तापूर्ण सहभागिता का परिचायक हैं तथा अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं।

About The Author