देवेंद्र सक्सेना,कोटा: राजकीय कला कन्या महाविद्यालय, कोटा की राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ इकाई द्वारा आज गुरु वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. सीमा चौहान ने की।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. नवीन मित्तल, सहायक निदेशक, कॉलेज शिक्षा, परिक्षेत्र, कोटा एवं मुख्य वक्ता संस्कृत विद्वान विशिष्ट अतिथि डॉ. गीता राम शर्मा, प्रदेश सह संगठन मंत्री, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं अतिथियों द्वारा माँ शारदे और महर्षि वेदव्यास के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत करते हुए श्री संतोष कुमार मीणा, जिला सचिव ने गुरु वंदन कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला।
मुख्य वक्ता एवं विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर गीता राम शर्मा ने अपने वक्तव्य में कहा कि गुरु वंदन कार्यक्रम का मूल उद्देश्य प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा को सुदृढ़ करना एवं समाज के प्रति समर्पण, सेवा और त्याग के भाव को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि मनुष्य संसार के प्राणियों में सर्वश्रेष्ठ अपने धर्म, विवेक के कारण ही माना जाता है। गुरु मनुष्यता का बोध कराने वाला होता है तथा विराट चेतना का बोध कराता है। आज के तकनीकी विकास के बाद भी आत्म चेतना जागृत करने के लिए गुरु की प्रासंगिकता है। आज के शिक्षक को स्वाध्याय निरंतर करते रहना चाहिए।
मुख्य अतिथि डॉ. नवीन मित्तल ने संगठन की रीति-नीति पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के शिक्षकों का यह संगठन है, जिसमें साढ़े तेरह लाख सदस्य जुड़े हुए हैं। वर्ष पर्यन्त आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रमों यथा गुरु पूर्णिमा महोत्सव, वृक्षारोपण एवं किसी नवीन विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया जाता है। डॉ. मित्तल ने संगठन द्वारा वर्ष पर्यन्त आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. सीमा चौहान ने कहा कि भारतीय संस्कृति में ईश्वर, माता-पिता और गुरु का महत्वपूर्ण स्थान रहा है। गुरु राष्ट्र के निर्माता हैं। हमारी युवा पीढ़ी को हमें पुस्तकीय ज्ञान के साथ संस्कार एवं चरित्र निर्माण की शिक्षा देना आवश्यक है।
कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव श्री संतोष कुमार मीणा ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मनीषा शर्मा ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ संकाय सदस्य प्रेरणा शर्मा, प्रो0 राजेंद्र माहेश्वरी एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।
इस आयोजन में प्रोफेसर प्रह्लाद मीणा (प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य), प्रोफेसर पूरनचंद उपाध्याय (जिला अध्यक्ष, बूंदी), प्रोफेसर राम अवतार मेघवाल (विभाग सहसंयोजक, कोटा), प्रोफेसर रामकेश मीणा (जिला सचिव, बाराँ), डॉ. संजय मेहता (जिला उपाध्यक्ष, बाराँ), डॉ. हेमराज सैनी (इकाई सचिव, बूंदी) देवेंद्र सक्सेना महामंत्री संस्कार भारती चित्तौड़ प्रांत कोटा महानगर आदि उपस्थित रहे।


More Stories
वल्ड हिन्दू कांग्रेस की जागरूकता एवं सहभागिता हेतु 9 अगस्त को होगा कार्यक्रम का आयोजन
हरिद्वार: नशे में कार चला रहे कांवड़िये ने पैदल कांवड़िये को मारी टक्कर, पुलिस ने शांत कराया विवाद
हरिद्वार: अब तक 2 करोड़ 19 लाख 70 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर हो चुके हैं रवाना