पैठाणी: राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास पैठाणी पौड़ी गढ़वाल की नमामि गंगे इकाई द्वारा सुचना, शिक्षा व संचार (I.E.C) के तहत प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में दिनांक 17 सितम्बर, 2026 दिन को राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास पैठाणी में “स्वच्छता ही सेवा” कार्यक्रम शुभारम्भ किया गया।
“स्वच्छता ही सेवा” कार्यक्रम के तहत पैठाणी, त्रिपलिसैण, चकिसैण व मजरा महादेव में स्वच्छता शपथ, सामुदायिक मार्च एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया, तथा संध्या के समय मजरा महादेव मंदिर के घाट में भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया।
नमामि गंगे नोडल अधिकारी डॉ. खिलाप सिंह ने कहा “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के शुभारंभ के अवसर पर आप सभी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है।
दिनांक 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2026 तक “स्वच्छता ही सेवा” अभियान का आयोजन किया जायेगा, उक्त अभियान के दौरान नदी तटों पर अवस्थित घाटो के किनारे श्रमदान/स्वच्छता अभियान, जन-जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक, क्विज, निबंध, चित्रकला व स्लोगन प्रतियोगिताएँ, स्वच्छता शपथ एवं गंगा आरती आदि सूचना, शिक्षा व संचार (I.E.C) गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा ।
स्वच्छता केवल सफाई करने का कार्य नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ जीवन, स्वच्छ पर्यावरण और जिम्मेदार नागरिकता का प्रतीक है। महात्मा गांधी जी ने स्वच्छता को स्वतंत्रता के समान ही महत्वपूर्ण माना था। इसलिए स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना हम सभी का नैतिक दायित्व है। एक नमामि गंगे नोडल अधिकारी के रूप में मैं विशेष रूप से यह कहना चाहूँगा कि स्वच्छता का सीधा संबंध हमारी नदियों और जलस्रोतों की निर्मलता से है।
गंगा हमारी आस्था, संस्कृति और सभ्यता की जीवनधारा है। यदि हम अपने घर, महाविद्यालय, गाँव और शहर को स्वच्छ रखेंगे तथा कूड़ा-कचरा और प्लास्टिक को नदियों एवं जलस्रोतों में जाने से रोकेंगे, तो यह “नमामि गंगे” के निर्मल एवं अविरल गंगा के संकल्प को मजबूत करेगा। “स्वच्छता ही सेवा” अभियान का शुभारंभ केवल एक कार्यक्रम की शुरुआत नहीं, बल्कि एक सामूहिक संकल्प की शुरुआत है।
हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम स्वयं स्वच्छता का पालन करेंगे और अपने परिवार तथा समाज को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि श्री विजय सिंह रौथाण, श्री गणेश राठी, मंदिर समिति के सदस्य व पुजारीगण, महाविद्यालय के प्राध्यापको में डॉ. पुनीत चंद्र वर्मा, डॉ. सतवीर, डॉ. प्रकाश चन्द्र फोंडानी, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, प्रदीप, वीरेंद्र, टिंकू, छात्र-छात्राएं के साथ साथ पैठाणी, त्रिपलिसैण, चकिसैण व मजरा महादेव के स्थानीय जन प्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।


More Stories
निठारी कांड के आरोपी रहे सुरेंद्र कोली की हरिद्वार में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर क्षेत्र के विद्यालय में छात्र-छात्राओं को स्वच्छता के प्रति किया गया जागरूक
19 सितम्बर को प्रेस क्लब हरिद्वार में होगा “साहित्य सुरा-4” नामक साहित्य समागम का होगा आयोजन