हरिद्वार, 10 सितम्बर: पथरी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने गांव के ही तीन युवकों पर गाली-गलौज, कपड़े फाड़ने और सामूहिक दुष्कर्म की धमकी देने सहित गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित कर बच्चों सहित इच्छा मृत्यु की अनुमति दिए जाने की मांग की है।
महिला के ज्ञापन का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रैस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए पीड़ित महिला शबनम ने बताया कि खुद को यूट्बर बताने वाले गांव के ही महबूब पुत्र अहमद अली तथा उसके साथी अहसान और जावेद सोशल मीडिया पर उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। विरोध करने पर उन्हें डराया धमकाया जा रहा है।
शबनम ने कहा कि उनके पति काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं। वह अपने दो बच्चों के साथ अकेली रह रही हैं। शबनम ने बताया कि देहरादून स्थित जन कल्याण समिति के माध्यम से उन्होंने पुलिस को शिकायत पत्र भी दिया। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गयी। लगातार किए जा रहे उत्पीड़न से वह मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुकी है और अपने बच्चों के साथ भय के माहौल में जीने को मजबूर है।
उन्होंने बताया कि पुलिस से न्याय नहीं मिलने पर उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति से गुहार लगायी है। जिलाधिकारी ने पुलिस को कार्रवाई के आदेश भी दिए हैं।
शबनम ने कहा कि जिला अधिकारी के निर्देशों के बाद भी पुलिस न्याय दिलाने में असमर्थ रहती है तो उन्हें बच्चों समेत इच्छा मृत्यु की अनुमति दी जाए। पत्रकारवार्ता के दौरान जन कल्याण समिति के मीडिया प्रभारी कुलदीप शर्मा भी मौजूद रहे।



More Stories
कुंभ-2027 की तैयारी : एनएचएआई की हरिद्वार बाईपास परियोजना का मेलाधिकारी और आईजी ने किया स्थलीय निरीक्षण
हरिद्वार में 26 अक्टूबर से खुली मिठाइयों और बेकरी उत्पादों पर ‘मैन्युफैक्चरिंग व एक्सपायरी डेट’ लिखना अनिवार्य: उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
हरिद्वार में दीपावली से पहले शुरू होगी ‘गंगा सारथी’ इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट सेवा, श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत